हथिगवां पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप: मारपीट पीड़ित ग्राम प्रधान पहुंचे आईजी के द्वार, SC-ST एक्ट में FIR की मांग
प्रतापगढ़ के विसहिया में दबंगों की मारपीट से घायल युवक का इलाज प्रयागराज में जारी है। हथिगवां पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर ग्राम प्रधान ने आईजी से गुहार लगाई है।
प्रतापगढ़। हथिगवां थाना क्षेत्र के विसहिया गांव में मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान लक्ष्मण सरोज ने प्रयागराज जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
विसहिया गांव निवासी एवं वर्तमान ग्राम प्रधान लक्ष्मण सरोज ने आईजी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अनुसूचित जाति से हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति का होने के कारण गांव के कुछ दबंग लोग उनके परिवार को आए दिन अपमानित करते रहते हैं। आरोप है कि दो अगस्त को दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच उनका पुत्र कुलदीप सरोज अपने साथियों सफीक और अकमल फारूकी के साथ विसहिया टावर के पास मौजूद था। इसी दौरान वीडियो बनाने के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
शिकायती पत्र के अनुसार, हमले के बाद जान बचाकर भाग रहे युवकों को आरोपितों ने फूलमती चौराहे पर अर्जुन विश्वकर्मा की दुकान के सामने दोबारा घेर लिया और फिर मारपीट की। इस दौरान सफीक के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। वहीं अकमल फारूकी का एक दांत टूट गया और कुलदीप सरोज को भी गंभीर चोटें आईं। लक्ष्मण सरोज का कहना है कि घटना के बाद हथिगवां पुलिस ने घायलों का सीएचसी कुंडा में चिकित्सीय परीक्षण कराया। गंभीर रूप से घायल सफीक का इलाज वर्तमान में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में चल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। ग्राम प्रधान लक्ष्मण सरोज ने आईजी प्रयागराज से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)