कानपुर की धरती से बजेगा चुनावी बिगुल, राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की पहली रैली में एक लाख लोगों को जुटाने की तैयारी
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने कानपुर से चुनाव प्रचार शुरू करने का ऐलान किया। पहली रैली में एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। बैठक में छह विधानसभा सीटों के प्रत्याशी भी घोषित किए गए।
कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की अहम बैठक हुई। बैठक में तय हुआ कि पार्टी अपने चुनावी अभियान का आगाज कानपुर से करेगी। पहली जनसभा में एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से आवेदन लिए गए। सभी प्रत्याशियों से शपथ पत्र भी भरवाया गया कि उनके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। इसके बाद छह विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। आर्यनगर (214) से गुड्डी दीक्षित, कल्याणपुर (211) से अशोक कुमार, कानपुर कैंट (216) से मोहम्मद अबरार, गोविंद नगर (212) से श्रीमती सीता, महोबा (230) से बच्चा लाल धुरिया और भर्थना (201) से एडवोकेट पवन कुमार को प्रत्याशी बनाया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए सभी जिला इकाइयों को निर्देश भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग, युवा, महिला, किन्नर, वृद्ध और विधवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। रैली स्थल के चयन की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष आनन्द तिवारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राहुल कुमार और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अल्पना कुमारी को सौंपी गई है।
वीरेन्द्र कुमार के अनुसार रैली से एक दिन पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें उत्तर प्रदेश के साथ मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने पर भी मंथन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी फिलहाल 12 प्रदेशों में सक्रिय है।
प्रदेश अध्यक्ष आनन्द तिवारी ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 54 लाख से अधिक और कानपुर नगर में सवा लाख से ज्यादा दिव्यांगजन व उनके परिवार रहते हैं। इन सभी से पार्टी प्रत्याशियों का समर्थन करने की अपील की जाएगी।
बैठक में प्रत्याशियों के साथ जनपद स्तर के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया था। इस मौके पर प्रदेश महासचिव मुकेश कुमार भारती, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, पूर्व प्रत्याशी गुड्डी दीक्षित, महोबा जिला अध्यक्ष बच्चा लाल, वैभव दीक्षित, सरला, राम जानकी, गोमती वर्मा, दिलीप कुमार, आशीष कुमार, ममता कुमारी, महेश चन्द्र साहू, समिउल्ला, नन्दू प्रजापति और अर्जुन कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
(खबर: संजय शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)