मानिकपुर में जाम नाली बनी आफत, सड़क पर भरा गंदा पानी
आदर्श नगर पंचायत मानिकपुर के वार्ड-13 में नाली जाम होने से सड़क और कब्रिस्तान में गंदा पानी भर गया है।
प्रतापगढ़ (मानिकपुर)। आदर्श नगर पंचायत मानिकपुर के वार्ड नंबर-13 (काछी पट्टी) में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। यहाँ पुराने बैंक के पास कब्रिस्तान से सटी नाली की लंबे समय से सफाई न होने के कारण स्थिति नारकीय हो गई है। नाली पूरी तरह चोक होने से सीवर का गंदा और बदबूदार पानी मुख्य सड़क पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
जलभराव की यह समस्या सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं है। नाली का गंदा पानी अब पास स्थित कब्रिस्तान परिसर में भी प्रवेश कर रहा है। इसके चलते वहाँ इबादत और नमाज के लिए आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंदगी और दूषित पानी के बीच से गुजरने के कारण नमाजियों के कपड़े खराब हो जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों के ऊपर भी गंदे पानी के छींटे पड़ते हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है।
वार्ड वासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों को लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय निवासी संजय सोनकर, हासिमुल हसन, मकसूद अंसारी, प्रेमचंद्र सोनकर, नफीस सिद्दीकी और कल्लू थापा ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली साफ कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून की भारी बारिश से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे नगर पंचायत कार्यालय के घेराव और उग्र प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)