कुंडा लूटकांड: तीसरा आरोपी गिरफ्तार, नकदी और चोरी का माल बरामद

कुंडा में बुजुर्ग दंपती से लूट के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया।

Jun 29, 2026 - 17:51
Updated: 20 hours ago
0 4
कुंडा लूटकांड: तीसरा आरोपी गिरफ्तार, नकदी और चोरी का माल बरामद

प्रतापगढ़ (कुंडा)। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के भिटवा जमेठी गांव में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर की गई बर्बर लूटपाट और मारपीट के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीसरे मुख्य आरोपी रविकांत कौशल (निवासी बाबूगंज बाजार) को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस सनसनीखेज मामले में दो अन्य आरोपियों—कमलेश कुमार द्विवेदी और उसके बेटे शुभम द्विवेदी को पहले ही दबोच चुकी है।

पुलिस प्रशासन की कड़े रुख के बाद इस वारदात का पूरी तरह अनावरण हो चुका है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में गठित टीम ने जांच को आगे बढ़ाया। गौरतलब है कि बीती 26 जून की रात करीब दो बजे बेखौफ बदमाश छत के रास्ते 77 वर्षीय रामलाल जायसवाल के घर में दाखिल हुए थे। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और घर में रखे लाखों के जेवरात व नकदी लेकर चंपत हो गए थे। हमले में गंभीर रूप से घायल रामलाल का इलाज फिलहाल लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 42 ग्राम गलाई हुई सफेद धातु, पायल का टुकड़ा, ₹5,500 नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। इस बरामदगी के बाद मामले में सख्त कानूनी धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने पीड़ित महिला सूरजकली का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें बरामद जेवरात दिखाए, जिसमें उन्होंने एक छोटी पायल की पहचान की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच और अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास अभी जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User