पत्रकार एकता को मिला नया विस्तार, संडीला और भरावन में ग्रापए की नई कार्यकारिणी गठित
कछौना (हरदोई)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की समीक्षा बैठक कछौना ब्लॉक सभागार में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों की एकजुटता और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान संडीला तहसील और भरावन ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। साथ ही क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक पत्रकारों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर ने कहा कि संगठन राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहुंच बढ़ा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में एसोसिएशन वर्तमान में 12 प्रदेशों में सक्रिय है, जबकि चार अन्य राज्यों में सदस्यता एवं संपर्क अभियान चल रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में 62 जिलों में संगठन की इकाइयां काम कर रही हैं, जबकि 10 जिलों में पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और तहसील स्तर के पत्रकार लोकतंत्र की जमीनी आवाज हैं और उन्हें संगठित मंच उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पत्रकार योगेश त्रिपाठी को संडीला तहसील का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। सतेंद्र यादव ‘शेरा’ को भरावन ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक एसबी सेंगर को सदस्यता अभियान प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। योगेश त्रिपाठी की नियुक्ति पर पत्रकारों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाते हैं और उनके सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबलू ने पत्रकारों के हितों और सम्मान के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
वरिष्ठ पत्रकार आलोक सिंह ने पत्रकारों से निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक पत्रकारों को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)