'New LOTUS Gaming' ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: कुंडा पुलिस ने शातिर को दबोचा; लैपटॉप, 15 पासबुक व ATM कार्ड बरामद
प्रतापगढ़ की कुंडा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से लैपटॉप, मोबाइल और कई बैंकों के फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।
कुंडा (प्रतापगढ़): ऑनलाइन सट्टेबाजी के काले कारोबार के खिलाफ कुंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो 'न्यू लोटस गेमिंग' (New LOTUS Gaming) नाम से सट्टेबाजी का ऑनलाइन नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंक पासबुक और फर्जी वित्तीय दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को मिली सटीक मुखबिर की सूचना पर तिलौरी मोड़ स्थित शिवपुरम कॉलोनी के एक मकान में छापेमारी की गई। इस दौरान मौके से सौरभ सिंह (19) पुत्र अरविंद कुमार सिंह, निवासी तिलक का पुरा (थाना मऊआइमा, प्रयागराज) को रंगे हाथों दबोच लिया गया। तलाशी में पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 1 टैबलेट, विभिन्न बैंकों की 15 पासबुक, 9 चेकबुक, 7 एटीएम कार्ड, दर्जनों क्यूआर कोड और 2 गूगल-पे (Google Pay) मशीनें जब्त कीं।
कड़ाई से पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ मिलकर इस नेटवर्क को चलाता था। यह गिरोह आम लोगों से कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था और उन्हीं खातों व क्यूआर कोड के जरिए सट्टेबाजी के करोड़ों रुपये का लेन-देन करता था। जांच में हरिगोविंद सिंह, अनीश और नीरज समेत कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, एएसपी (पश्चिमी) बृजनंदन राय और सीओ कुंडा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में यह सफल कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में 5 नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)