ब्यूटी पार्लर संचालिका से मोबाइल छीनने वाले 2 शातिर गिरफ्तार: कुंडा पुलिस ने कब्जे से 4 देशी बम व बाइक भी की बरामद
प्रतापगढ़ की कुंडा पुलिस ने ई-रिक्शा से घर लौट रही युवती से मोबाइल छीनने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 4 देशी बम भी मिले हैं।
कुंडा, प्रतापगढ़ : कुंडा पुलिस ने ई-रिक्शा से घर लौट रही युवती से मोबाइल फोन छीनने की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, चार देशी बम तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराओं के साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त को थाना क्षेत्र के शीतलपुर रैयापुर भदरी निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री कुंडा कस्बे में ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। वह रात में दुकान बंद कर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। मामले में थाना कुंडा में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नन्हा पटवा उर्फ हनी (21) पुत्र रमाशंकर तथा करन सरोज (22) पुत्र भारतलाल सरोज, दोनों निवासी ग्राम कनावा, थाना कुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, चार देशी बम तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
इसके बाद मुकदमे में धारा 317 बीएनएस तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 की बढ़ोतरी की गई, जबकि मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गोविंद सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल रमेश कुमार, कांस्टेबल अजीत यादव, कांस्टेबल उमाशंकर भारती तथा आरक्षी अश्वनी सोनकर शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)