दोस्त के जन्मदिन की पार्टी बनी आखिरी रात: हाईवे पर स्कॉर्पियो ने रौंदा, इकलौते चिराग हरिओम की मौत से उजड़ा घर
प्रतापगढ़ के कुंडा में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर से 30 वर्षीय हरिओम केसरवानी की मौत हो गई। इकलौते बेटे को खोकर परिवार में कोहराम मचा है
कुंडा / प्रतापगढ़ : लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार की रात एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। करेंटी रोड बाईपास के पास अज्ञात काले रंग की स्कॉर्पियो की टक्कर से कुंडा के हरनामगंज निवासी 30 वर्षीय हरिओम केसरवानी की मौत हो गई। दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया युवक घर नहीं लौट सका।
जानकारी के अनुसार, हरिओम गुरुवार रात अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। यह जश्न आकाश मोदनवाल के जन्मदिन का था। पार्टी के दौरान मौली ओवर ब्रिज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने हरिओम को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरिओम को तत्काल सीएचसी कुंडा ले गई। वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब हरिओम का शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पिता पप्पू केसरवानी अपने इकलौते बेटे के शव को देखकर बदहवास हो गए। मां और अन्य परिजन बार-बार बेहोश होते रहे। रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने किसी तरह परिवार को संभाला, लेकिन हर किसी की आंखें नम थीं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है।
उधर, घटना के बाद सीओ शिवनारायण वैस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर लापरवाही से रील बनाने और जोखिम भरी गतिविधियों से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन की पहचान कर आरोपी चालक को जल्द पकड़ा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)