मसीहा बने प्रधान: सरकारी बजट का नहीं किया इंतजार, निजी जेब से 6 किमी नहर साफ कराकर बचाई 10 गांवों की फसल
कुंडा के दुलुवामई ग्राम प्रधान राजेश सरोज ने निजी खर्च से कराई 6 KM नहर की सफाई, 10 गांवों के किसानों को राहत
नहर की सफाई से दुलुवामई, अलुवामई, मवईकला, इटौरा, बहरामई, कियावां, बड़गांव, शैलवारा, लाटतारा सहित करीब 10 ग्राम सभाओं के सैकड़ों किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। ग्रामीणों का कहना है कि पानी का प्रवाह सुचारु होने से धान की रोपाई में तेजी आएगी और किसानों की लागत भी कम होगी।प्रधान राजेश सरोज ने कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि समय पर खेतों तक पानी नहीं पहुंचेगा तो किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। इसलिए जनहित को देखते हुए नहर की सफाई कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। नहर सफाई कार्य का किसानों ने स्वागत किया। किसान मोहनलाल पटेल, भैयालाल शुक्ल, हरिलाल सरोज, अशोक मौर्य, शंभूनाथ विश्वकर्मा, रामप्रकाश विश्वकर्मा, श्यामलाल यादव, रामसहाय गौतम, रामसुमेर मौर्य और दीनानाथ तिवारी सहित अनेक किसानों ने प्रधान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते नहर की सफाई होने से इस बार धान की फसल बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने इस जनहितकारी कार्य के लिए प्रधान का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)