प्रयागराज: उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में संविधान दिवस पर प्रस्तावना-पाठ, महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने दिलाया संकल्प
प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में संविधान दिवस पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प लिया।
प्रयागराज: उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय, प्रयागराज स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के संगम ब्लॉक प्रांगण में संविधान दिवस के अवसर पर "संविधान दिवस प्रस्तावना-पाठ समारोह" का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया।
समारोह के दौरान रेलवे के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। साथ ही सभी ने अपने दैनिक कार्यकलापों और दायित्वों का निर्वहन संविधान के मूल्यों व सिद्धांतों के अनुरूप करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया— "हम भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए, तथा उसके समस्त नागरिकों को, सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए, तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता, सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज तारीख 26 नवम्बर, 1949 ई. को एतद्वारा इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।"
इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनसेवा और कार्यक्षमता को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)