कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज में बिखरी मेधा की चमक: चयनित पूर्व छात्रों और विश्वविद्यालय टॉपर्स का हुआ भव्य अभिनंदन

कुलभास्कर आश्रम महाविद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन, मेधावी छात्रों और सेवानिवृत्त प्राध्यापकों को मिला सम्मान।

Jul 23, 2026 - 21:56
0 0
कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज में बिखरी मेधा की चमक: चयनित पूर्व छात्रों और विश्वविद्यालय टॉपर्स का हुआ भव्य अभिनंदन

प्रयागराज : कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रतिभाशाली छात्रों और मार्गदर्शक प्राध्यापकों के सम्मान में एक भव्य 'प्रतिभा सम्मान समारोह' आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने की। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. गीतांजलि मौर्य ने सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया, जबकि प्रो. पवन कुमार पचौरी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को रेखांकित किया।

समारोह में पिछले पांच वर्षों के दौरान शासकीय और गैर-शासकीय क्षेत्रों में चयनित लगभग 350 पूर्व छात्रों की सफलता का जश्न मनाया गया। सैकड़ों मेधावियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्या ने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 80 कृषि तकनीकी सहायकों और शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित दो प्रवक्ताओं में इसी कॉलेज का परचम लहराया है। इसके साथ ही, बायोटेक्नोलॉजी और वाणिज्य संकाय के दर्जनों छात्र देश की नामचीन मल्टीनेशनल कंपनियों में उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं।

यही नहीं, हाल ही में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कॉलेज के 9 मेधावियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से नवाजा गया, जिन्हें समारोह में विशेष प्रोत्साहन मिला।

समारोह में संस्थान के दो सेवानिवृत्त प्राध्यापकों—प्रो. रवि प्रसाद श्रीवास्तव और प्रो. विश्वनाथ को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। नीति आयोग के सलाहकार प्रो. राजेंद्र प्रसाद तिवारी को पर्यावरण मंत्रालय की सशक्त समिति का सदस्य बनने पर सम्मानित किया गया। साथ ही, राजभवन से पुरस्कृत शिक्षक प्रो. पवन कुमार पचौरी और डॉ. मनोज कुमार सिंह सहित प्रो. आर. एल. पाल व डॉ. आदेश कुमार वर्मा का अभिनंदन हुआ।

'समर स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम' के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा खेल उत्थान परिषद की ओर से महाविद्यालय को 1 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. श्रद्धा तिवारी व डॉ. आदेश कुमार वर्मा ने किया और प्रो. चंद्र शेखर चौबे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ राष्ट्रगान के बाद समारोह संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User