अनुपूरक बजट 25 करोड़ जनता की आशाओं का प्रतिबिंब, केशव प्रसाद मौर्य बोले—'विकसित भारत' की नींव मजबूत करेगा बजट
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अनुपूरक बजट 2026-27 को 25 करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया। ग्रामीण विकास के लिए ₹17,942.73 करोड़ का प्रावधान।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नेता सदन (विधान परिषद) श्री केशव प्रसाद मौर्य ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट को लेकर मीडिया से वार्ता की। उन्होंने कहा कि यह अनुपूरक बजट प्रदेश की 25 करोड़ जनता की आशाओं, आकांक्षाओं और अपेक्षाओं का सच्चा प्रतिबिम्ब है। यह बजट राज्य के समग्र व सर्वांगीण विकास को समर्पित है और 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की नींव को और अधिक मजबूत करेगा।
उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रस्तावित अनुपूरक बजट में ग्रामीण विकास के लिए ₹17,942.73 करोड़ की भारी-भरकम धनराशि का प्रावधान किया गया है। यह बजटीय प्रावधान गांवों, गरीबों और किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और विकास की रफ्तार को और तेज करेगा।
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बजट को सर्वसमावेशी एवं सर्वस्पर्शी बताते हुए कहा कि यह अनुपूरक बजट मुख्य रूप से गरीबों, युवाओं, अन्नदाता किसानों और नारीशक्ति को समर्पित है। बजट के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन को साकार करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह बजट राज्य में औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार सृजन और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देकर 'विकसित उत्तर प्रदेश' के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)