कानपुर के सरायमिता में गूंजे सुंदरकांड के स्वर: सेठ मुरारी लाल का हुआ भव्य अभिनंदन, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पनकी सरायमिता में पितृपक्ष संध्या पर सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। समाजसेवी सेठ मुरारी लाल अग्रवाल के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने विशाल माला पहनाकर उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
(संजय शुक्ला)
कानपुर। पनकी क्षेत्र स्थित सरायमिता गांव में पितृपक्ष की संध्या के पावन अवसर पर एक भक्तिमय एवं विशाल सामाजिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। समाजसेवी सुशील शुक्ला द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, संगीतमय भजन संध्या और विशाल महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रख्यात गायक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए मधुर भजन रहे, जिनकी भक्तिमयी धुनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। समूचा परिसर 'जय श्री राम' और हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
इसी क्रम में नगर के प्रमुख समाजसेवी सेठ मुरारी लाल अग्रवाल ने सुंदरकांड दरबार में पहुंचकर शीश नवाया और प्रभु श्री राम व हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रभु से प्रार्थना की।
सेठ मुरारी लाल अग्रवाल के आगमन पर आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति के सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों ने मुख्य अतिथि का सूत व फूलों की बनी विशाल माला पहनाकर और पटका ओढ़ाकर भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में सेठ मुरारी लाल अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक सुशील शुक्ला ने आए हुए सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव के अदभुत संगम के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)