कानपुर: 'जय बालाजी' के जयकारों से गुंजायमान हुआ नाना राव पार्क, 10वें वार्षिकोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कानपुर के नाना राव पार्क में श्री बालाजी महाराज पटकापुर वाले का 10वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कानपुर : श्री बालाजी भक्त परिवार समिति (पंजी.) के तत्वाधान में श्री बालाजी महाराज पटकापुर वाले का 10वां वार्षिक महोत्सव रविवार को नाना राव पार्क, फूलबाग में अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। सिद्ध पीठ की स्थापना के एक दशक पूरे होने पर आयोजित इस उत्सव में कानपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई।
स्वर्ण चोले में दिव्य श्रृंगार और अखंड ज्योति के दर्शन
कार्यक्रम के संयोजक महंत अनुभव पाण्डेय ने बताया कि उत्सव का मुख्य आकर्षण श्री बालाजी के दिव्य चल विग्रह का स्वर्ण चोले से किया गया अलौकिक श्रृंगार रहा। इसके साथ ही श्री वृन्दावन बिहारी और श्री श्याम प्रभु का भव्य श्रृंगार भक्तों को अपनी ओर खींचता रहा। श्रद्धालुओं ने वर्ष 2019 से मेहंदीपुर धाम से लाई गई अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। परिसर में विधि-विधान से सहस्त्रार्चन, सवामनी हवन और प्रभु को छप्पन भोग अर्पित किया गया।
भजन संध्या: पूनम दीदी के भजनों पर झूमे भक्त
महोत्सव की शाम भक्ति की अविरल धारा में बह गई। वृंदावन से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका पूनम दीदी ने अपनी सुमधुर आवाज से समां बांध दिया। उनके सानिध्य में 21 हजार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। इसके अलावा मुकुल बंधु, संदीप दीक्षित और त्रिशित राज कश्यप के भजनों तथा शरद मिश्रा के सुंदरकांड पाठ ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इत्र वर्षा और विशाल भंडारा
समारोह के दौरान भक्तों पर की गई इत्र वर्षा ने माहौल को सुगंधित कर दिया। भव्य महाआरती के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक भक्तों ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। मंच का संचालन मनोज मौजी ने किया।
महंत अनुभव पाण्डेय ने इस सफल आयोजन के लिए पूरी टीम और भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री बालाजी की कृपा से समाज में सकारात्मकता का संचार करना ही इस महोत्सव का मूल उद्देश्य है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0