लाजपत भवन में सजी इलेक्ट्रिकल प्रदर्शनी, पारिवारिक पिकनिक में बच्चों और परिवारों ने उठाया लुत्फ
कानपुर में KECMA द्वारा लाजपत भवन में भव्य इलेक्ट्रिकल प्रदर्शनी व पारिवारिक पिकनिक का आयोजन किया गया। इसमें प्रमुख कंपनियों के स्टॉल, स्वास्थ्य जांच और मनोरंजन के कई आकर्षण रहे।
(संजय शुक्ला)
कानपुर : कानपुर इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (KECMA) के तत्वावधान में मोतीझील स्थित लाजपत भवन लॉन में एक भव्य 'इलेक्ट्रिकल प्रदर्शनी एवं पारिवारिक पिकनिक' का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में देश की कई अग्रणी बिजली उत्पादन और इलेक्ट्रिकल निर्माण कंपनियों ने भाग लिया और अपने नवीनतम उत्पादों व आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव मेहरोत्रा, महामंत्री मोहित अरोरा, मुख्य आयोजक रमेश गज्यनी, चेयरमैन प्रवीण आनंद एवं कोषाध्यक्ष श्याम कुकरेजा ने किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बिजली व्यापारियों, विभिन्न व्यापार मंडलों के सदस्यों तथा राजनैतिक दलों के आए हुए प्रतिनिधियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया।
यह आयोजन केवल व्यापारिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि पारिवारिक मनोरंजन और सामाजिक सरोकार के लिहाज से भी बेहद खास रहा। प्रदर्शनी में दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित सामानों का स्टॉल लगाया गया, जिसे आगंतुकों ने खूब सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त, 'मोदीकेयर' के सहयोग से निःशुल्क हेल्थ चेकअप एवं बीएमआई (BMI) जांच शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूलों का विशेष प्रबंध किया गया था। युवाओं और परिवारों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉलों पर लोगों ने चटपटे खान-पान का आनंद लिया। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में व्यापारिक चर्चाओं के साथ-साथ खुशनुमा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव मेहरोत्रा एवं महामंत्री मोहित अरोरा ने प्रदर्शनी को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सभी व्यापारियों, प्रायोजकों, सहयोगियों और आगंतुकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)