कानपुर में रोटरी का ऐतिहासिक महा-अभियान: गांधी जयंती पर लगा मेगा रक्तदान शिविर, रिकॉर्ड 465 यूनिट ब्लड हुआ एकत्रित
गांधी जयंती पर कानपुर के भार्गव ट्रस्ट में रोटरी इंटरनेशनल 3110 द्वारा आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 465 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ, जिसमें भारी जन-जागरूकता देखने को मिली।
(संजय शुक्ला)
कानपुर : महात्मा गांधी जयंती के पावन अवसर पर मैक रॉबर्टगंज स्थित भार्गव ट्रस्ट में समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल कायम हुई। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 के तत्वावधान में आयोजित 'मेगा ब्लड डोनेशन एंड अवेयरनेस ड्राइव' में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 465 यूनिट रक्त का रिकॉर्ड संग्रह किया गया। आयोजकों का दावा है कि कानपुर में रोटरी द्वारा संचालित किसी भी एक दिवसीय रक्तदान अभियान में यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जसबीर सिंह भाटिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस महा-अभियान में कानपुर और उन्नाव के विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्यों व पदाधिकारियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। रोटेरियंस ने न केवल व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया, बल्कि आम जनता को रक्तदान के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाई।
यह आयोजन सिर्फ रक्त संग्रह तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को एक नई दिशा दी। शिविर के माध्यम से पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं और महिलाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, विभिन्न क्लबों के मध्य सामाजिक समन्वय और एकजुटता को भी मजबूती मिली।
रोटरी क्लब ऑफ कानपुर साउथ के अध्यक्ष श्याम दासानी ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय दान नहीं है। समय पर रक्त न मिलने से कई अनमोल जिंदगियां चली जाती हैं। यदि हर स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक बार नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प ले, तो अनगिनत जिंदगियों को बचाया जा सकता है। मानव सेवा ही सबसे सर्वोपरि सेवा है।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब के सचिव गौरव बजाज ने शिविर को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने वाले सभी समर्पित रक्तदाताओं, डॉक्टरों की टीम और रोटरी सदस्यों का दिल से धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस विशेष अवसर पर जसबीर सिंह भाटिया, दिनेश चंद्र, अमित खत्री, निशांत वडेरा, गौरव अग्रवाल, ललित श्यामदासानी, गौरव बजाज, विजय पुरवार, विकास खत्री, क्षितिज अग्रवाल, राजीव अग्रवाल और अमित झा समेत कई प्रमुख लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)