दो नाम और अलग जन्मतिथि से बनवाए 2 पासपोर्ट: कुंडा पुलिस ने शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
प्रतापगढ़ के कुंडा में फर्जी दस्तावेजों के जरिए दो अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से पासपोर्ट बनवाने वाले आरोपी आदिल अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुंडा (प्रतापगढ़): कूटरचित (फर्जी) दस्तावेजों का सहारा लेकर दो अलग-अलग पहचान से दो पासपोर्ट बनवाने के गंभीर मामले में कुंडा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस सत्यापन और जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि एक ही व्यक्ति ने अपनी असली पहचान छिपाकर दो पासपोर्ट जारी करवाए थे। जांच के अनुसार, पहला पासपोर्ट (संख्या J6204954) वर्ष 2011 में 'मोहम्मद आदिल' (जन्मतिथि: 15 अगस्त 1987) के नाम से बनवाया गया था। वहीं, दूसरा पासपोर्ट (संख्या R68800219) वर्ष 2018 में 'आदिल अंसारी' (जन्मतिथि: 1 फरवरी 1992) के नाम से फर्जी दस्तावेज लगाकर जारी कराया गया। नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर जालसाजी करने के आरोप में थाना कुंडा में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंडा थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। उपनिरीक्षक राजेश कुमार और आरक्षी आर्यन गुप्ता ने शनिवार को पूरेधनऊ क्षेत्र के पास से आरोपी आदिल अंसारी (34) पुत्र मोहम्मद इब्राहीम, निवासी ग्राम दिलेरगंज (थाना कुंडा) को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना (जालसाजी) और पासपोर्ट अधिनियम की कई गंभीर धाराओं में मामला पंजीकृत है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)