'ग्लोबल वार्मिंग से जंग का एकमात्र हथियार है वृक्षारोपण

केपी इंटर कॉलेज में आयोजित वन महोत्सव में पूर्व महापौर चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने 'माँ के नाम एक पेड़' लगाकर किया पौधारोपण।

Jul 09, 2026 - 21:31
0 1
'ग्लोबल वार्मिंग से जंग का एकमात्र हथियार है वृक्षारोपण

प्रयागराज : पर्यावरण संकट और लगातार बढ़ते तापमान के बीच प्रकृति को सहेजने की मुहिम अब और तेज हो गई है। इसी कड़ी में प्रयागराज के प्रतिष्ठित के.पी. इण्टर कालेज के प्रांगण में 'वन महोत्सव' का एक बेहद भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण 'माँ के नाम एक पेड़' अभियान रहा, जिसके तहत मुख्य अतिथि, कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं प्रयागराज के पूर्व महापौर चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने परिसर में पहला पौधा रोपकर इस महाभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और शिक्षक-कर्मचारियों के विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि आज पूरी दुनिया प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर वैश्विक चुनौतियों से जूझ रही है। इनसे निपटने का एकमात्र और सबसे असरदार उपाय व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण ही है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील करते हुए कहा कि आने वाले कल को सुरक्षित रखने के लिए युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की कमान अपने हाथों में लेनी होगी।

इससे पहले, कार्यक्रम के शुभारंभ पर के.पी. इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों का बैज लगाकर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया। इस वृहद् हरित अभियान के तहत कॉलेज परिसर में छायादार, औषधीय और फलदार प्रजातियों के 500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया, जिनमें मुख्य रूप से गुलमोहर, अमलताश, अशोक और नीम शामिल रहे।

महोत्सव में कायस्थ पाठशाला के मेम्बर इंचार्ज रवि कुमार श्रीवास्तव, प्रबंध समिति के सचिव मुरली मनोहर सिन्हा, अतिरिक्त सचिव प्रदीप सिन्हा और प्रबंध समिति के सदस्य अतुल कुमार श्रीवास्तव ने भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की और स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराई।

इस पूरे विशाल आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में विद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स का योगदान बेहद सराहनीय रहा। कैडेट्स ने अपने ए.एन.ओ. लेफ्टिनेंट समरजीत के कुशल दिशा-निर्देशन में जमीन तैयार करने से लेकर पौधारोपण तक की व्यवस्था को बखूबी संभाला।

मंच का शानदार और प्रभावी संचालन खेल प्रवक्ता उमेश कुमार खरे द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव, अंग्रेजी माध्यम प्रभारी सुदीप कुमार, इको क्लब प्रभारी डॉ. राम प्यारे मौर्य सहित वन दारोगा संजीव कुमार राठौर, विनोद सिंह, कृष्णा तिवारी और पूजा सिंह ने अग्रदूत की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. योगेन्द्र सिंह ने सभी अतिथियों, एनसीसी कैडेट्स और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User