अथक राजनयिक प्रयासों से घाना से सुरक्षित लौटे 9 भारतीय नाविक
घाना में फंसे मर्चेंट नेवी के 9 भारतीय नाविकों को भारतीय उच्चायोग के कूटनीतिक प्रयासों से सुरक्षित भारत वापस लाया गया।
अकरा। घाना में पिछले कई महीनों से गंभीर संकट में फंसे मर्चेंट नेवी के 9 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अकरा स्थित भारतीय उच्चायोग के अथक प्रयासों और त्वरित कूटनीतिक हस्तक्षेप के बाद सभी नाविकों को अकरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारत के लिए रवाना कर दिया गया है।
भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि सेंट किट्स एंड नेविस के ध्वज तले पंजीकृत मालवाहक जहाज 'एम.वी रहाफ मून' के 9 भारतीय क्रू सदस्यों को स्वदेश वापस भेजा गया है। जहाज के मालिक ने 3 मार्च 2026 को घाना के तेमा बंदरगाह पर इस पोत और पूरे चालक दल को लावारिस छोड़ दिया था। नाविकों को पिछले चार महीनों से अधिक समय से वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया था, जिससे उनके सामने गहरा आर्थिक और मानवीय संकट पैदा हो गया था।
तकरीबन 142 दिनों के अनिश्चितता भरे लंबे इंतजार के बाद घाना मैरीटाइम अथॉरिटी, घाना पोर्ट्स एंड हार्बर्स अथॉरिटी और इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन (ITF) के सक्रिय सहयोग से उच्चायोग ने समय पर सहायता सुनिश्चित की।
भारत सरकार की इस त्वरित कार्रवाई ने विदेशी धरती और समुद्र में संकट में घिरे अपने नागरिकों की सुरक्षा, कल्याण और भलाई के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है। स्वदेश वापसी की खबर से महीनों से परेशान नाविकों और उनके परिवारों के चेहरे पर खुशी लौट आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)