IFFCO नैनो उर्वरक कृषि के लिए क्रांतिकारी तकनीक: आशीष श्रीवास्तव

इफको कोरडेट फूलपुर में नैनो उर्वरकों पर सहकारी प्रशिक्षण आयोजित। अधिकारियों ने नैनो यूरिया व डीएपी संयंत्र का भ्रमण किया।

Jul 24, 2026 - 18:16
0 3
IFFCO नैनो उर्वरक कृषि के लिए क्रांतिकारी तकनीक: आशीष श्रीवास्तव

प्रयागराज : इफको कोरडेट फूलपुर में नैनो उर्वरकों के व्यापक प्रचार-प्रसार और किसानों के बीच इनके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय सहकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रयागराज मंडल के सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर नैनो उर्वरकों के उपयोग, लाभ एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता विभाग प्रयागराज मंडल के उप आयुक्त एवं उप निबंधक आशीष श्रीवास्तव रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में इफको लखनऊ के राज्य विपणन प्रबंधक यतेन्द्र कुमार तेवतिया उपस्थित रहे।

संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि नैनो उर्वरक भारतीय कृषि के लिए एक क्रांतिकारी तकनीक सिद्ध हो रहे हैं। यह कम लागत में अधिक उत्पादन देने के साथ-साथ मृदा स्वास्थ्य और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नैनो उर्वरकों को अधिकाधिक किसानों तक पहुँचाने के लिए सचिवों और कृषकों के स्तर पर नियमित प्रशिक्षण आयोजित करने पर बल दिया।

राज्य विपणन प्रबंधक यतेन्द्र कुमार तेवतिया ने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी की वैज्ञानिक कार्यप्रणाली तथा पारंपरिक खाद की तुलना में इनके फायदों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सहकारी समितियों के माध्यम से इनकी उपलब्धता और बिक्री बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रयागराज से सहायक आयुक्त साधना सिंह, कौशाम्बी से श्याम लाल मौर्य और प्रतापगढ़ से उमाकांत कुशवाहा सहित कई अधिकारियों ने अपने विचार रखे। प्रतिभागियों के तकनीकी प्रश्नों का समाधान इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. डी.के. सिंह ने किया। वहीं, कोरडेट के प्रधानाचार्य डॉ. विवेक दीक्षित ने संस्थान की अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने इफको फूलपुर स्थित अत्याधुनिक नैनो उर्वरक संयंत्र का भ्रमण कर निर्माण प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। अंत में क्षेत्र प्रतिनिधि प्रतीक चौबे ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User