दिवाली से पहले पुलिस का एक्शन: माघी चैनगढ़ के मकान में छिपा था 28.6 किलो पटाखों का जखीरा, लक्की गिरफ्तार

प्रतापगढ़ के महेशगंज क्षेत्र में घनी आबादी वाले मकान से पुलिस ने 28.6 किलो अवैध पटाखे पकड़े। 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, पटाखे तालाब में डालकर निष्क्रिय कराए गए।

Oct 16, 2026 - 22:11
0 1
दिवाली से पहले पुलिस का एक्शन: माघी चैनगढ़ के मकान में छिपा था 28.6 किलो पटाखों का जखीरा, लक्की गिरफ्तार

कुंडा/प्रतापगढ़। त्योहारी सीजन में जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। महेशगंज थाना क्षेत्र के माघी चैनगढ़ गांव में घनी आबादी के बीच स्थित एक मकान से पुलिस ने 28.6 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। मौके से 19 वर्षीय मो. लक्की को गिरफ्तार किया गया है। बरामद पटाखों में 13 अलग-अलग प्रकार के पटाखे शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्तूबर की रात उपनिरीक्षक संतोष कुमार और महिला उपनिरीक्षक वंदना वर्मा अपनी टीम के साथ हीरागंज बाजार में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि माघी चैनगढ़ गांव में लाइसेंस में निर्धारित स्थान से हटकर एक मकान में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी ली। तलाशी में बोरियों के भीतर बड़ी मात्रा में पटाखे भरे मिले।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने त्योहार पर बिक्री के लिए पटाखे रखे थे। हालांकि, वह उस स्थान पर पटाखा भंडारण की कोई वैध अनुमति या दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका। बरामद सामग्री में फुलझड़ी, चकरी, रॉकेट, अनार, बम, मुर्गा छाप, बंदर छाप और नागराज सहित कई अन्य प्रकार के पटाखे शामिल हैं।

घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखे जाने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने जनसुरक्षा के मद्देनजर सभी पटाखों को पानी से भरे तालाब में डलवाकर निष्प्रयोजित करा दिया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 267/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9 बी(1)(क) में रिपोर्ट दर्ज की है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान लाइसेंस की शर्तों का पालन करें और निर्धारित स्थान के अलावा कहीं भी पटाखों का भंडारण न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User