प्रसव के बाद बेटी को जन्म देकर चल बसीं सपना, कहवई गांव में पसरा मातम; शोक में बंद रहा जीपी पब्लिक स्कूल
प्रतापगढ़ के बाघराय क्षेत्र में प्रसव पीड़ा के बाद 27 वर्षीय सपना यादव की कुंडा सीएचसी में मौत हो गई। नवजात बच्ची स्वस्थ है, शोक में स्कूल बंद रहा।
बाघराय / प्रतापगढ़ : जिले के बाघराय थाना क्षेत्र के कहवई गांव में गुरुवार का दिन एक परिवार के लिए खुशी और गम दोनों साथ लेकर आया। गांव निवासी वैभव कुमार यादव की 27 वर्षीय पत्नी सपना ने बेटी को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। घर में किलकारी गूंजने से पहले ही मातम पसर गया।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को सपना को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घरवाले उन्हें तुरंत जमेंठी स्थित एएनएम सेंटर लेकर पहुंचे। वहां कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होता देख परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुंडा ले गए। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने जांच के बाद सपना को मृत घोषित कर दिया। राहत की बात यह रही कि नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है, लेकिन जन्म लेते ही उसके सिर से मां का साया उठ गया।
सपना जीपी पब्लिक स्कूल, बाघराय के शिक्षक राम कैलाश यादव की बहू थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक अरुण राय ने शोकाकुल परिवार के पास पहुंचकर संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। शिक्षक परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट करते हुए शुक्रवार को पूरे दिन विद्यालय बंद रखा गया। स्कूल के स्टाफ और अभिभावकों ने भी दुख जताया।
शुक्रवार को परिजनों ने नम आंखों से श्रृंगवेरपुर घाट पर सपना का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान गांव और आसपास के कई लोग मौजूद रहे। घटना से पति वैभव, सास सुशीला, ससुर राम कैलाश, ननद विभा और देवर विवेक समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को सांत्वना देते नजर आए। हर किसी की आंखें नम थीं और एक ही सवाल था कि नन्ही बच्ची को अब मां की ममता कौन देगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)