कांवड़ यात्रा, महिला सुरक्षा से लेकर बाढ़ राहत तक अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, कांवड़ यात्रा, खाद उपलब्धता और बाढ़ स्थिति की समीक्षा की। अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए।

Aug 07, 2026 - 10:37
0 2
कांवड़ यात्रा, महिला सुरक्षा से लेकर बाढ़ राहत तक अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कानून-व्यवस्था, त्योहारों की तैयारियों और जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में प्रदेश के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और समरसता का प्रतीक है। इसके शांतिपूर्ण आयोजन में खलल डालने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अफवाह और भ्रामक खबरों पर तत्काल तथ्यात्मक खंडन के निर्देश दिए गए हैं। विशेषकर बरेली जनपद में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाने को कहा गया है।

किसानों को राहत देते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में यूरिया व डीएपी सहित किसी भी उर्वरक की कमी नहीं है। जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पैक्स केंद्रों पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मानवबल लगाएं और खतौनी सत्यापन के बाद ही वितरण करें। खाद की कालाबाजारी या जमाखोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मिशन शक्ति अभियान को अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 45 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी तैनाती की जाए। गश्त बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े अपराधों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।

बलिया, बाराबंकी और उन्नाव सहित बाढ़ प्रभावित 8 जिलों में राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए। सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और बलिया में तटबंधों के कटान को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने को कहा गया। बलिया के कटान प्रभावित परिवारों को भूमि का पट्टा और आवास तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा।

छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केवल पूर्णतः फिट स्कूली वाहनों के संचालन की अनुमति होगी। ई-रिक्शा, टैक्सी और ऑटो चालकों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User