अंबेडकरनगर में सैनिक कल्याण कार्यालय बना अवैध स्टैंड, बिना लाइसेंस दौड़ रहे ई-रिक्शा
अंबेडकरनगर में सैनिक कल्याण कार्यालय के बाहर अवैध स्टैंड से बढ़ीं दुर्घटनाएं, बिना लाइसेंस दौड़ रहे ई-रिक्शा।
अंबेडकरनगर: जनपद मुख्यालय अकबरपुर के अयोध्या रोड पर स्थित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के सामने इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर अवैध टैक्सी स्टैंड का संचालन किया जा रहा है। कार्यालय के मुख्य रास्ते पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और टेंपो चालकों ने स्थाई रूप से डेरा डाल रखा है। इस अव्यवस्था के कारण न केवल पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों को कार्यालय आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है।
हैरानी की बात यह है कि स्थानीय कस्बा चौकी इंचार्ज और यातायात पुलिस रोजाना इस मार्ग से गुजरती है, लेकिन वे इस ओर से आंखें मूंदे हुए हैं। ई-रिक्शा और टेंपो चालक पुलिस प्रशासन को ठेंगा दिखाकर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
खतरे में जिंदगियां: जिले में दौड़ रहे अधिकांश ई-रिक्शों के पास न तो कोई वैध पंजीकरण है और न ही चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस। कई जगहों पर नाबालिग बच्चे भी धड़ल्ले से ई-रिक्शा दौड़ाते नजर आते हैं।
इस अनियंत्रित संचालन के कारण शहर में हर दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर दूसरी-तीसरी गाड़ी बिना लाइसेंस के चल रही है, जिससे हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। जिम्मेदार विभाग और यातायात पुलिस की इस सुस्ती के कारण अवैध स्टैंड संचालकों के हौसले बुलंद हैं, जिससे आम जनता और राहगीर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस अवैध स्टैंड को तुरंत हटाने और बिना लाइसेंस वाले वाहनों के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)