प्रतापगढ़: कुंडा में दुकानदार की मुस्तैदी से दबोचा गया शातिर चोर, मिक्सी और चोरी का पंखा बरामद
प्रतापगढ़ की कुंडा पुलिस ने दुकान से मिक्सी और पंखा चुराने वाले शातिर चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेजा
कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा पुलिस ने दुकान से चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मिक्सी तथा उसकी निशानदेही पर पूर्व में चोरी किया गया सीलिंग फैन बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भगवन तिराहा निवासी एक दुकानदार ने रविवार को थाना कुंडा में तहरीर देकर बताया कि उनकी दुकान से मिक्सी चोरी करते समय एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। दुकानदार ने आरोप लगाया कि यही युवक पूर्व में भी उनकी दुकान से सीलिंग फैन चोरी कर चुका था। तहरीर के आधार पर थाना कुंडा में मुकदमा संख्या 271/26, धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक चन्द्रबली सिंह व कांस्टेबल हर्षवर्धन सिंह ने वादी के सहयोग से आरोपी मिथलेश उर्फ कल्लू पुत्र रामआसरे निवासी मियां का पुरवा बरई, थाना कुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से पूर्व में चोरी किया गया एक सीलिंग फैन भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मिक्सी भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)