सेना में लेफ्टिनेंट बने योगेश शुक्ला का मानिकपुर में भव्य स्वागत
भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने मानिकपुर के योगेश शुक्ला का गृह जनपद आगमन पर भव्य स्वागत, क्षेत्र में जश्न का माहौल
मानिकपुर, प्रतापगढ़। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होकर देश सेवा का दायित्व संभाल रहे मानिकपुर नगर पंचायत के भड़चक वार्ड निवासी योगेश कुमार शुक्ला के गृह जनपद आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रलता जायसवाल ने अपने कैंप कार्यालय में उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। भड़चक वार्ड निवासी सतेन्द्र शुक्ला के पुत्र योगेश कुमार शुक्ला ने भारतीय सैन्य अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्ति पाई है।
वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के उधमपुर क्षेत्र में है, जहां वे अपने सैन्य दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। गृह क्षेत्र मानिकपुर पहुंचने पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रलता जायसवाल एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि अशोक जायसवाल ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि अशोक जायसवाल ने कहा कि योगेश शुक्ला ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे बढ़ना चाहिए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे होनहार युवाओं पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया तथा "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सभासद विमल पांडेय, राकेश जायसवाल, जगन्नाथ यादव, अनिल पटेल, मोहम्मद अनस, मोहम्मद रिजवान, दिलीप निषाद, गया प्रजापति ,सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट योगेश शुक्ला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)