प्रदेश को देश का अग्रणी कौशल हब बनाएगी सरकार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यावसायिक शिक्षा व कौशल विकास की समीक्षा की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा की। ITIs को उद्योगों से जोड़ने, रोजगार मेले और अनुदेशकों की भर्ती में वेटेज देने का निर्देश दिया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को आधुनिक और उद्योग-आधारित कौशल से लैस करते हुए उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी 'कौशल हब' बनाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आईटीआई (ITIs) को अधिक से अधिक उद्योगों से जोड़ा जाए ताकि युवाओं को औद्योगिक जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग मिल सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कौशल विकास को न केवल स्थानीय रोजगार, बल्कि वैश्विक अवसरों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश के प्रत्येक मंडल मुख्यालय पर नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही, प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए अनुदेशकों की चयन प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया में चयनित अनुदेशकों को उनके अनुभव और कार्यप्रदर्शन के आधार पर विशेष वेटेज देने का प्रावधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्वेंशन, इन्क्यूबेशन एंड ट्रेनिंग (CIIIT) केंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और बरेली में निर्मित केंद्रों का संचालन शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि इन्हें आधुनिक तकनीक के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में उभारा जा सके। इसके अलावा, राज्य के 'जीरो पॉवर्टी अभियान' से जुड़े परिवारों के बच्चों और युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने की विशेष हिदायत दी गई।
उल्लेखनीय है कि विगत 05 वर्षों में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से 21.13 लाख युवाओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें से 12.94 लाख युवाओं को रोजगार व सेवायोजन से जोड़ा जा चुका है। सरकार का मुख्य ध्येय प्रदेश के हर युवा को हुनरमंद बनाकर उसके लिए वैश्विक स्तर पर रोजगार के नए द्वार खोलना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)