गंगा में प्रदूषण रोकने के लिए कानपुर प्रशासन की बड़ी पहल: ग्रामीण नालों की टैपिंग तेज, 3 स्थानों पर बनेंगे वेटलैंड
कानपुर में गंगा प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रामीण नालों की टैपिंग और वेटलैंड निर्माण की तैयारी तेज। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला गंगा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने की। समीक्षा के दौरान ड्रोन सर्वे के माध्यम से चिह्नित किए गए ग्रामीण इलाकों के नालों की टैपिंग और उनके जल शोधन (सीवेज ट्रीटमेंट) की वर्तमान प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट पेश की गई।
जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) ने बैठक में जानकारी दी कि जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण) के तकनीकी सहयोग से तीन उपयुक्त स्थलों का चयन कर लिया गया है। इन स्थानों पर प्राकृतिक तकनीक आधारित वेटलैंड निर्माण का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार किया जा रहा है। इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर आवश्यक बजट स्वीकृति के लिए 'राज्य स्वच्छ गंगा मिशन' और 'राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन' (NMCG) को जल्द ही प्रेषित किया जाएगा।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गंगा में सीधे गिरने वाले ग्रामीण नालों को शत-प्रतिशत टैप किया जाए ताकि एक बूंद भी दूषित जल बिना शोधन के नदी में न समाहित हो। उन्होंने सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया, जिससे गंगा की अविरलता और निर्मलता को सुनिश्चित किया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)