यूपीआरटीओयू में जुलाई-2026 प्रवेश सत्र का शानदार आगाज; समर्थ पोर्टल से अब घर बैठे मिलेगा सीधा दाखिला, तुरंत जेनरेट होगा एनरोलमेंट नंबर

उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) में जुलाई-2026 सत्र के लिए 64 कोर्सों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू।

Jul 06, 2026 - 19:46
Updated: 3 hours ago
0 1
यूपीआरटीओयू में जुलाई-2026 प्रवेश सत्र का शानदार आगाज; समर्थ पोर्टल से अब घर बैठे मिलेगा सीधा दाखिला, तुरंत जेनरेट होगा एनरोलमेंट नंबर

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में जुलाई–2026 प्रवेश सत्र का शुभारंभ सोमवार को विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो. सत्यकाम द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति–2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों को सरल, पारदर्शी एवं प्रौद्योगिकी आधारित सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन प्रवेश व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए समय, श्रम और संसाधनों की बचत करेगी तथा उन्हें घर बैठे सभी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

कुलपति प्रो. सत्यकाम ने कहा कि उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रवेश लेकर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य शिक्षा को प्रत्येक इच्छुक शिक्षार्थी तक सहज रूप से पहुँचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रवेश सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी विश्वविद्यालय से जुड़ेंगे।

जुलाई–2026 प्रवेश सत्र में कुल 64 विषयों में प्रवेश प्रारंभ किए गए हैं। इनमें 10 प्रमाण-पत्र कार्यक्रम, 7 डिप्लोमा कार्यक्रम, 6 स्नातक कार्यक्रम तथा 24 स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी., बी.बी.ए., बी.एल.आई.एस., एम.ए., एम.कॉम., एम.बी.ए., एम.सी.ए., एम.एससी. होम साइंस सहित अनेक रोजगारपरक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों में भी प्रवेश लिए जा रहे हैं।विश्वविद्यालय ने इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर दिया है।

अब प्रवेशार्थियों को ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होते ही तत्काल नामांकन संख्या प्राप्त हो जाएगी। साथ ही वे अपने समर्थ डैशबोर्ड पर प्रवेश की संपूर्ण जानकारी देख सकेंगे तथा आवश्यक दस्तावेज एवं प्रवेश पत्र स्वयं डाउनलोड एवं प्रिंट भी कर सकेंगे।प्रवेश सत्र के प्रथम विद्यार्थी के रूप में अभिषेक कुमार, जनपद प्रतापगढ़ ने बी.ए. कार्यक्रम में प्रवेश लिया तथा अध्ययन केंद्र एस–094, प्रतापगढ़ का चयन किया। वहीं अध्ययन केंद्र एस–1605 क्षेत्रीय केंद्र अयोध्या के माध्यम से प्रथम स्नातकोत्तर विद्यार्थी का भी ऑनलाइन प्रवेश सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रवेश प्रभारी प्रो. जे.पी. यादव ने प्रवेश सत्र की रूपरेखा एवं समर्थ पोर्टल की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए अनेक तकनीकी सुधार किए हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक एवं प्रभारी निदेशक सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User