कानपुर: 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के तहत पोषण सामग्री वितरित, विधायक सलिल विश्नोई ने आंगनबाड़ी व आशा बहुओं को किया सम्मानित
कानपुर के आर्यनगर में 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के तहत पोषण सामग्री का वितरण हुआ। मुख्य अतिथि विधायक सलिल विश्नोई ने आंगनबाड़ी और आशा बहुओं का सम्मान कर हौसला बढ़ाया।
(संजय शुक्ला)
कानपुर: जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित “सेवा मेरा ध्येय” के मूल मंत्र के साथ 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के अंतर्गत सोमवार को सेवा सेतु कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ नेता सलिल विश्नोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य धरातल पर स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं की अलख जगाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और भोजन सहायिकाओं का उत्साहवर्धन एवं नागरिक सम्मान करना रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सलिल विश्नोई ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में इन समर्पित महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान है। इनके अथक परिश्रम और सेवा भाव से ही गांव-मोहल्लों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में अभूतपूर्व सुधार आया है और कुपोषण के खिलाफ जंग में बड़ी सफलता मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय परंपराओं का निर्वहन करते हुए दो गर्भवती महिलाओं का पूर्ण विधि-विधान से गोद भराई संस्कार कराया गया, वहीं दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशेष रूप से उन बच्चों की माताओं और कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी देखरेख से कुपोषित बच्चों को उबारकर स्वस्थ 'हेल्दी बेबी' की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
इस कार्यक्रम के सफल संयोजन में आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं सहित मंडल अध्यक्ष रमा शंकर अग्रहरि, दीपक शुक्ला और जोनल अधिकारी विद्या सागर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं ने जनसेवा के इस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)