कौशाम्बी: सैनी पुलिस की बड़ी सफलता, आटा चक्की से चोरी हुए 5 लाख के 19 सोलर पैनल बरामद, 4 शातिर गिरफ्तार
कौशाम्बी के सैनी थाना क्षेत्र में आटा चक्की से चोरी हुए 8 किलोवाट के 19 सोलर पैनलों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
कौशाम्बी : नेशनल हाईवे के किनारे स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गड़ाए बैठी शातिर अपराधियों की टोली पर आखिरकार सैनी थाना पुलिस का शिकंजा कस गया। पुलिस टीम ने करीब पंद्रह दिन पूर्व हुई एक दुस्साहसिक चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए न केवल घटना में शामिल चार आरोपियों को धर दबोचा, बल्कि चोरी गए आठ किलोवाट क्षमता के सभी 19 सोलर पैनल भी सकुशल बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी से पीड़ित आटा चक्की मालिक ने राहत की सांस ली है।
घटना सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा गांव के पास नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक आटा चक्की की है। पंद्रह दिन पहले अज्ञात चोरों ने चक्की परिसर को निशाना बनाते हुए वहां लगे 8 KW क्षमता के 19 सोलर पैनल पार कर दिए थे। सुबह जब पीड़ित चक्की संचालक मौके पर पहुंचा तो सारा सामान गायब देख उसके होश उड़ गए। गायब हुए सोलर पैनलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुरागकशी और सूचना तंत्र को सक्रिय किया। पंद्रह दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद सटीक मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर छिपाकर रखे गए चोरी के सभी 19 सोलर पैनल बरामद कर लिए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। सैनी पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए चारों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हाईवे किनारे हुई इतनी बड़ी चोरी का चंद दिनों में सफल अनावरण करने पर स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने सैनी पुलिस की कार्यप्रणाली और सतर्कता की जमकर सराहना की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)