कौशाम्बी: कोखराज में बालू माफियाओं का तांडव, सर्विस रोड पर अवैध भंडारण से राहगीर परेशान, उड़ रहीं नियमों की धज्जियां
कौशाम्बी के कोखराज में बिना लाइसेंस बालू और गिट्टी का अवैध भंडारण कर माफिया ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। हाईवे सर्विस रोड पर कब्जे से हादसों का खतरा बना हुआ है।
कौशाम्बी: जनपद के सिराथू तहसील अंतर्गत आने वाले कोखराज थाना क्षेत्र में बालू और गिट्टी माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर सरेआम अवैध कारोबार कर रहे हैं। बिना किसी वैध लाइसेंस के नेशनल हाईवे की सर्विस रोड और स्थानीय बाजारों पर अवैध रूप से बालू व गिट्टी का डंपिंग कर बड़े पैमाने पर भंडारण किया जा रहा है। माफिया इस अवैध बालू को मनमाने और ऊंचे दामों पर बेचकर सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लगा रहे हैं।
मामला कोखराज बाजार और इक्का अड्डा बाजार के आसपास हाईवे की सर्विस रोड का है। यहाँ सड़क के दोनों तरफ अवैध बालू और गिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगा दिए गए हैं। इस वजह से पूरी सर्विस रोड अतिक्रमण का शिकार हो चुकी है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर बालू फैलने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और बड़े हादसों के होने का खतरा लगातार मंडरा रहा है। स्थानीय लोग और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर हैं।
अचरज की बात यह है कि मीडिया में कई बार इस मुद्दे पर खबरें प्रकाशित होने के बावजूद स्थानीय पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अमले के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कोखराज थाना क्षेत्र में सरेआम चल रहे इस अवैध कारोबार को देखकर यही प्रतीत होता है कि जिम्मेदार विभाग मौन सहमति साधे हुए हैं। खनन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और परिवहन विभाग (RTO) की इस अनदेखी से माफिया बेखौफ होकर अपना जाल फैलाते जा रहे हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि खनन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और NHAI संयुक्त रूप से निष्पक्ष अभियान चलाएं, तो दर्जनों अवैध बालू-गिट्टी डंप चालकों पर बड़ी गाज गिरना तय है। अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराता है और बालू माफियाओं पर कानूनी शिकंजा कसता है या माफिया इसी तरह राजस्व को चूना लगाते रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)