सेवा भी, सुरक्षा भी: RPF के 'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' और 'ऑपरेशन नार्कोस' से उत्तर मध्य रेलवे में मिली बड़ी सफलता
उत्तर मध्य रेलवे RPF ने 'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' के तहत 706 बच्चों को बचाया और 'ऑपरेशन नार्कोस' में ₹3.44 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ बरामद किए।
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने यात्रियों की सुरक्षा, बच्चों के संरक्षण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2026 में 15 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष अभियानों 'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' और 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत RPF ने सराहनीय कार्य करते हुए एक ओर जहां 706 संकटग्रस्त बच्चों को सुरक्षित बचाया, वहीं दूसरी ओर करोडों रुपये के नशीले पदार्थों की जब्ती की।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन और RPF के महानिरीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर की गई।
'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' की सफलता:
स्टेशनों और ट्रेनों में अकेले, अपहृत या बिछड़े हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित माहौल देने के लिए यह अभियान वरदान साबित हो रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 706 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इसमें प्रयागराज मंडल ने 450, झांसी मंडल ने 189 तथा आगरा मंडल ने 67 बच्चों को नया जीवन और सुरक्षा प्रदान की।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत अब तक कुल 45 मामले दर्ज किए गए, जिनमें ₹3,44,63,415 मूल्य का गांजा व अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। मंडलवार कार्रवाई में प्रयागराज मंडल ने 21 मामलों में ₹1.89 करोड़, झांसी मंडल ने 13 मामलों में ₹79.70 लाख और आगरा मंडल ने 11 मामलों में ₹75.46 लाख से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए।
RPF अधिकारियों के अनुसार, रेल नेटवर्क को अपराधियों और तस्करों से मुक्त रखने तथा यात्रियों के सुरक्षित सफर के लिए यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)