विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जनसहभागिता से रोगों पर नियंत्रण का आह्वान

रायबरेली में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का आगाज़। DM सरनजीत कौर ब्रोका ने जनसहभागिता से बीमारियों को हराने की अपील की

Jul 01, 2026 - 22:10
0 1
विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जनसहभागिता से रोगों पर नियंत्रण का आह्वान

रायबरेली : विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी सरनजीत कौर ब्रोका एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने संयुक्त रूप से चक अहमदपुर विद्यालय में किया। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी विभागों और आमजन की साझा जिम्मेदारी है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि तथा अन्य संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा कूलर, गमलों, टायरों और अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें। बुखार अथवा अन्य संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच एवं उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं अन्य संचारी रोगों की सतत निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी। अभियान के दौरान बुखार, इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), क्षय रोग (टीबी), फाइलेरिया एवं काला-आजार के संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। साथ ही कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर  अर्बन नोडल अधिकारी डा राकेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह,जिला मलेरिया अधिकारी रमेश यादव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना, वन्दना त्रिपाठी,सफाई निरीक्षक , मलेरिया निरीक्षक आतिफ, प्रदीप, सुमित,विद्यालय के प्रधानाचार्य, विद्यार्थी तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User