रायबरेली: सिटी पॉलीक्लिनिक का भव्य शुभारंभ, अब घर के नजदीक मिलेंगी निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

रायबरेली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 'सिटी पॉलीक्लिनिक' का उद्घाटन। अब किलाबाजार में मिलेंगी निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएंRaebareli-City-Polyclinic

Jul 01, 2026 - 21:54
0 2
रायबरेली: सिटी पॉलीक्लिनिक का भव्य शुभारंभ, अब घर के नजदीक मिलेंगी निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

रायबरेली : शहरी क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को उनके घर के निकट ही उच्च स्तरीय और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ जनपद में एक बड़ी शुरुआत हुई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 'किलाबाजार' को उच्चीकृत (Upgrade) करते हुए 'सिटी पॉलीक्लिनिक' के रूप में विकसित किया गया है। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के पावन अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नवीन चंद्र ने इसका विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।

उद्घाटन के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र ने बताया कि एम्पैनल्ड विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से ओपीडी (OPD) सेवाएं आज से ही प्रारंभ कर दी गई हैं। शहरी स्वास्थ्य समन्वयक विनय पांडेय के अनुसार, सरकार की मंशानुरूप मरीजों के लिए दिन के हिसाब से विशेषज्ञ डॉक्टरों का रोस्टर तय किया गया है:

  • सोमवार: स्त्री रोग एवं बाल रोग विशेषज्ञ
  • मंगलवार: जनरल फिजिशियन एवं अस्थि (ऑर्थो) रोग विशेषज्ञ
  • बुधवार: स्त्री रोग एवं चर्म (स्किन) रोग विशेषज्ञ
  • बृहस्पतिवार: जनरल फिजिशियन एवं मनोचिकित्सक
  • शुक्रवार: स्त्री रोग एवं बाल रोग विशेषज्ञ
  • शनिवार: जनरल फिजिशियन एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ
  • शुभारंभ के प्रथम दिन विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. श्वेता वर्मा एवं डॉ. सुधीर सिंह ने ओपीडी में आए मरीजों का परीक्षण कर सेवाएं दीं।

इस नवनिर्मित सिटी पॉलीक्लिनिक में स्त्री व प्रसूति रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, ईएनटी (कान-नाक-गला), त्वचा रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इसके साथ ही आधुनिक चिकित्सा प्रणाली को जोड़ते हुए यहाँ टेलीमेडिसिन सुविधा, 63 प्रकार की निःशुल्क डायग्नोस्टिक जांच सेवाएं तथा 195 प्रकार की आवश्यक औषधियों (दवाइयों) की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

मरीजों की बेहतर देखभाल और समग्र इलाज के लिए पॉलीक्लिनिक में स्टाफ नर्स, ऑप्टोमेट्रिस्ट, फिजियोथैरेपिस्ट तथा इंटीग्रेटेड काउंसलर की तैनाती भी की गई है। यहाँ सेवाएं देने वाले ऑन-कॉल व नियमित विशेषज्ञ डॉक्टरों को कार्यदिवसों के आधार पर मानदेय दिया जाएगा।

इस ऐतिहासिक उद्घाटन अवसर पर अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार यादव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डी.एस. अस्थाना, स्थानीय सभासद हसीना बानो, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि सिंह, विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. गौरव, डॉ. शीतल, आकांक्षा (स्टाफ), अतुल (फार्मासिस्ट), रामबाबू, नितिन सहित भारी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User