प्रयागराज के नवनियुक्त मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने संभाला पदभार, पटल प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश

प्रयागराज के नए मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने पदभार संभालते ही कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एक सप्ताह में फाइलों के रखरखाव, साफ-सफाई और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश जारी किए।

Aug 07, 2026 - 18:46
0 1
प्रयागराज के नवनियुक्त मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने संभाला पदभार, पटल प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश

प्रयागराज : प्रयागराज के नवनियुक्त मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के तुरंत बाद एक्शन मोड में आए मंडलायुक्त ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक भवन का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

गांधी सभागार में आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मंडलायुक्त ने सभी पटल प्रभारियों से उनके दायित्वों की जानकारी ली और जनहित से जुड़ी फाइलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।

कार्यालय के विभिन्न पटलों के निरीक्षण के दौरान डॉ. लोकेश एम. ने व्यवस्था में सुधार के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पटल प्रभारी फाइलों के रखरखाव को सुव्यवस्थित करें और प्रत्येक पत्रावली पर नंबरिंग पट्टिका अंकित की जाए। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने सभी पटल सहायकों को नाम, पदनाम और कार्य से संबंधित नेमप्लेट लगाने तथा एक मास्टर रजिस्टर तैयार करने का आदेश दिया।

परिसर की स्वच्छता पर ध्यान देते हुए उन्होंने स्थान-स्थान पर डस्टबिन लगाने और पेयजल (आरओ) क्षेत्र की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह बाद वह पुनः औचक निरीक्षण करेंगे।

जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन त्रिभुवन और अपर आयुक्त न्यायिक जयजीत कौर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

(जैनुल आब्दीन)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User