NHM संविदा कर्मचारियों ने CMO-DM कार्यालय में सौंपा ज्ञापन, नियमितीकरण समेत 8 मांगों पर 3 अक्टूबर तक कार्रवाई की अपील
कौशाम्बी में NHM संविदा कर्मचारियों ने CMO व DM कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। नियमितीकरण, समान वेतन समेत 8 मांगें रखीं, 3 अक्टूबर तक कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कौशाम्बी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारी संघ ने बुधवार, 23 सितंबर 2026 को अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) और जिलाधिकारी (DM) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
ज्ञापन में कुल 8 सूत्रीय मांगें रखी गईं। इनमें संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन, वेतन वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता (DA), EPF, HRA और ग्रेच्युटी प्रमुख हैं। इसके साथ ही स्थानांतरण नीति, अनुकम्पा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन और नियमित भर्ती में 25 प्रतिशत कोटा देने की मांग भी उठाई गई।
संगठन का कहना है कि NHM के संविदा कर्मचारी लंबे समय से ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक उनके कार्य के अनुरूप सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल सकी है। कर्मचारियों ने शासन से 3 अक्टूबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। पहले चरण में 5 से 7 अक्टूबर तक कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बावजूद समाधान न निकला तो 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि NHM कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में लगातार अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. पुष्पेंद्र, महामंत्री जितेंद्र परमार, डॉ. अलीमा खातून, संध्या शर्मा, संतोष, शिवप्रताप, अनिल, मणिशंकर माथुर, डॉ. सुआइब, सिब्ली राजा, आकाश, अभिषेक और अजरेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)