जेन ज़ी कनेक्ट साइकिल यात्रा का कुंडा में जोरदार स्वागत, युवाओं ने उठाए शिक्षा-रोजगार के सवाल

जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट साइकिल यात्रा 35वें दिन प्रतापगढ़ पहुंची। कुंडा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, युवाओं ने शिक्षा-रोजगार पर चर्चा कर समस्याओं की सूची अधिकारियों को सौंपने की बात कही।

Sep 23, 2026 - 22:23
0 2
जेन ज़ी कनेक्ट साइकिल यात्रा का कुंडा में जोरदार स्वागत, युवाओं ने उठाए शिक्षा-रोजगार के सवाल

कुंडा-प्रतापगढ़। जस्टिस मोर्चा की जेन ज़ी कनेक्ट साइकिल यात्रा अपने 35वें दिन प्रयागराज के मंसूराबाद से आगे बढ़ते हुए प्रतापगढ़ जनपद पहुंची। कुंडा नगर क्षेत्र में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता संदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन किया।

इस दौरान यात्रा के सदस्यों ने शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समान अवसर जैसे मुद्दों पर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। युवाओं ने कहा कि आज की पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसरों की है, जिन पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।

कुंडा में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विजय शंकर त्रिपाठी एडवोकेट, रामखेलावन सरोज एडवोकेट, मो. यूसुफ, मुन्ना यादव, गोविंद सरोज, बच्चा मौर्य, संतोष प्रजापति, संगम लाल मिश्रा, सत्यम तिवारी, गौरव और संगम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

यात्रा का रात्रि विश्राम बुधवार को परियावां में हुआ, जहां युवाओं और स्थानीय लोगों के साथ शिक्षा एवं रोजगार के मुद्दों पर चर्चा की गई।

यात्रा के सदस्यों ने हाल के दिनों में कुंडा विधायक द्वारा जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। उनका कहना था कि युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए हो रहे आंदोलन पर सवाल उठाने वाले लोग दरअसल जेन ज़ी आंदोलन से भयभीत हैं।

यात्रा के सदस्यों ने बताया कि जेन ज़ी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य युवाओं के बीच जाकर उनके मुद्दों पर चल रहे अलग-अलग आंदोलनों को एक साझा मंच पर लाना है।

यात्रा के दौरान टीम ने क्षेत्र के जर्जर सरकारी स्कूलों और अनियमित रूप से संचालित महाविद्यालयों की स्थिति का भी जायजा लिया। सदस्यों ने कहा कि इन संस्थानों की समस्याओं और निरीक्षण में सामने आई खामियों की सूची तैयार की जाएगी, जिसे जिले के अधिकारियों को सौंपा जाएगा, ताकि समय रहते सुधार की दिशा में कदम उठाए जा सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User