नगर निगम जोन-3 का जागरूकता अभियान: नंदपुरम में सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग
लखनऊ के फैजुल्लागंज स्थित नंदपुरम कॉलोनी में नगर निगम जोन-3 ने सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग अभियान चलाया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
आनंदी मेल संवाददाता (लखनऊ): राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज द्वितीय क्षेत्र स्थित नंदपुरम कॉलोनी में नगर निगम जोन-3 की टीम ने साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान चलाया। क्षेत्र में लंबे समय से जाम नालियों, खाली प्लॉटों में फेंके जा रहे घरेलू कूड़े तथा जलभराव के कारण मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और बीमारियों के खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने नंदपुरम में झाड़ू लगवाकर सफाई कराई। खाली पड़े प्लॉटों में जमा पानी और मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों को ध्यान में रखते हुए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। इसके साथ ही प्रभावित स्थानों पर फॉगिंग कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंके जाने की समस्या पर जोर देते हुए नगर निगम के निरीक्षण अधिकारी पुष्कर सिंह ने नागरिकों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निवासियों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 'इको ग्रीन' का कनेक्शन भी जल्द करवाने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की है, साथ ही यह भी मांग की है कि ऐसी कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से निगरानी और सफाई व्यवस्था जारी रखी जाए। इस अवसर पर निरीक्षण अधिकारी पुष्कर सिंह, पटेल सुपरवाइजर, अमित गौतम और सफाई कर्मचारी टीम मौजूद रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)