मध्यस्थता से विवादों का होगा त्वरित समाधान, समय और धन की होगी बचत: पुष्पा पाल
अंबेडकरनगर के आजानपारा और बीआरसी मालीपुर में मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें आपसी समझौते से विवाद निपटाने पर बल दिया गया।
आनन्दी मेल संवाददाता (अंबेडकरनगर): राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नई दिल्ली) और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (लखनऊ) के निर्देशों के क्रम में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंबेडकरनगर के तत्वावधान में संचालित ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन शिक्षण केंद्र द्वारा नारी संघ (आजानपारा) और बीआरसी कार्यालय (मालीपुर) में आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को मध्यस्थता प्रक्रिया की जानकारी देना और आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का त्वरित समाधान कराना रहा।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि यह विशेष अभियान 1 अगस्त 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों को चिह्नित किया जा रहा है, जिनका निस्तारण आपसी सहमति से संभव है। इसमें वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना दावा, संपत्ति बंटवारा, ऋण वसूली और उपभोक्ता विवाद जैसे मामले शामिल हैं।
जन शिक्षण केंद्र की सचिव एवं पीएलवी पुष्पा पाल ने कहा कि कई बार छोटे-छोटे विवाद लंबे मुकदमेबाजी का रूप ले लेते हैं। ऐसे में मध्यस्थता के जरिए संवाद और आपसी समझ से समाधान निकल सकता है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंबेडकरनगर की सचिव श्रीमती नीलम वर्मा ने अपील की कि जिन लोगों के मामले अदालतों में लंबित हैं, वे मध्यस्थता के इस अवसर का लाभ उठाएं और नोटिस मिलने पर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर वार्ता में भाग लें। सहायता के लिए प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 05278-246847 पर संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)