Kaushambi : शहजादपुर में अवैध शराब कचरे की डंपिंग, आवाज उठाने पर पत्रकार को जेल भेजने की धमकी

कौशांबी के झंडापुर में अवैध शराब कचरे की डंपिंग और पत्रकार को धमकी देने पर सीओ सिराथू ने जांच के आदेश दिए

Jun 20, 2026 - 20:33
Updated: 3 hours ago
0 5
Kaushambi : शहजादपुर में अवैध शराब कचरे की डंपिंग, आवाज उठाने पर पत्रकार को जेल भेजने की धमकी

(शिव कुमार )

कौशांबी: थाना कोखराज के अंतर्गत आने वाली शहजादपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के झंडापुर गांव में इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर शराब बनाने वाले कचरे (साड़ूवा) की अवैध डंपिंग का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस जहरीले कचरे को खुलेआम बेचा जा रहा है। स्थानीय लोग इसे अपने मवेशियों (गाय-भैंस) को फैट बढ़ाने के लालच में खिला तो रहे हैं, लेकिन इसके घातक दुष्परिणामों और दूध की शुद्धता पर पड़ने वाले असर से अनजान हैं। बेजुबान जानवरों की जिंदगी से हो रहे इस खिलवाड़ पर शहजादपुर चौकी पुलिस पूरी तरह आंखें मूंदे बैठी है।

सब्जी बाजार के पास बदबू का अंबार, बीमारी का खतरा
झंडापुर गांव में जहां यह डंपिंग हो रही है, वहां से महज कुछ दूरी पर स्थानीय सब्जी बाजार लगता है। कचरे से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण राहगीरों और दुकानदारों का जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीणों को डर है कि इससे महामारी फैल सकती है। बार-बार शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो मीडिया ने इस मुद्दे को उठाया।

"हम चौकी के मालिक हैं..." चौकी इंचार्ज की दबंगई
सूत्रों के मुताबिक, जब एक स्थानीय पत्रकार ने इस अवैध कारोबार और पुलिस की निष्क्रियता पर शहजादपुर चौकी इंचार्ज से सवाल किया, तो वे भड़क गए। मर्यादा भूलते हुए चौकी इंचार्ज ने पत्रकार को धमकाते हुए कहा, "तुम अपने काम से काम रखो। हम अपनी चौकी क्षेत्र के मालिक हैं। यहां क्या और कब होना है, यह हम तय करेंगे। अखबार में वही छपेगा जो मैं बताऊंगा। अगर खिलाफत की तो फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेज दूंगा, वहीं बैठकर अखबार लिखना।" इस धमकी भरे ऑडियो/बयान के बाद खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सीओ सिराथू ने दिए जांच के आदेश
मामला गरमाने के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिराथू ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध डंपिंग की शिकायत पर जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, पत्रकार से अभद्रता और धमकी देने के मामले की भी उच्चस्तरीय जांच होगी। क्षेत्र की जनता ने इस अवैध डंपिंग को तुरंत रोकने और तानाशाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User