भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित शिक्षा ही विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला: अशोक गांगुली
लखनऊ में भारतीय शिक्षा दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय विमर्श में सीबीएसई के पूर्व अध्यक्ष अशोक गांगुली ने कहा- भारतीय ज्ञान परंपरा ही विकसित भारत की आधारशिला है
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रमुख सचिव (राज्यपाल) श्री जी. बी. पटनायक ने भी इस विचार का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि संस्कारित, चरित्रवान और राष्ट्रनिष्ठ नागरिकों का निर्माण करना है।
विमर्श के दौरान शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के विशिष्ट अतिथि श्री नितिन कासलीवाल ने देशभर में चल रहे भारतीय शिक्षा जागरण अभियान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला। वहीं प्रांत संयोजक श्री प्रमिल द्विवेदी ने न्यास की गतिविधियों से सभी को अवगत कराया।
कार्यक्रम में विज्ञान और अध्यात्म का अद्भुत समन्वय तब देखने को मिला जब कनाडा से अंतरराष्ट्रीय मनोवैज्ञानिक डॉ. अमरेश श्रीवास्तव का एक विशेष ऑडियो संदेश प्रसारित किया गया। उन्होंने अपने संदेश में मनोमय कोष और न्यूरोसाइंस (मस्तिष्क विज्ञान) के आपसी संबंध को बेहद सरल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से स्पष्ट किया। इसके अलावा, श्री चिंतामणि कौशिक ने पंचकोष आधारित व्यक्तित्व विकास की व्यावहारिक कार्ययोजना भी सामने रखी।
इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना से हुआ। त्रिवेणी कला संगम की सुश्री नितिका शर्मा और उनकी टीम ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि श्रीमती रजनी शुक्ला की टीम ने पंचकोष आधारित ध्यान और नाम-संकीर्तन कराकर पूरे सभागार को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम के अंत में एक संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जहां उपस्थित शोधार्थियों और शिक्षाविदों ने विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। अंत में कबीर शान्ति मिशन के मुख्य समन्वयक श्री राजेश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम का सफल संचालन श्री व्रत देव पाण्डेय ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)