कुंडा में निजी अस्पताल की लापरवाही से मरीज की मौत का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा; जांच में जुटी पुलिस

कुंडा के पुरानी बाजार निवासी 52 वर्षीय अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

Aug 11, 2026 - 20:40
0 4
कुंडा में निजी अस्पताल की लापरवाही से मरीज की मौत का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा; जांच में जुटी पुलिस

कुंडा (प्रतापगढ़)। कुंडा के पुरानी बाजार निवासी 52 वर्षीय अशोक कुमार की मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए श्रद्धालु हॉस्पिटल ले गए, जहां दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के बड़े भाई पप्पू ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अशोक की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें उलझन के साथ हाथ-पैर में दर्द की शिकायत थी। इसके बाद परिजन उन्हें श्रद्धालु हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। पप्पू के मुताबिक इलाज के दौरान जब हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति बिगड़ने लगी तो परिजन अशोक को प्रयागराज ले जाने की तैयारी करने लगे।

आरोप है कि अस्पताल संचालक ने कहा कि अशोक ठीक हो जाएंगे और अभी सीटी स्कैन समेत अन्य जांच कराई जाएगी। इसी बीच दोपहर करीब एक बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे बल्लू ने भी अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User