शाहबाद किला घाट पर गूंजे शंखनाद: वाराणसी-प्रयागराज की तर्ज पर अनवरत गंगा आरती का भव्य आगाज
मानिकपुर के शाहबाद किला घाट पर पांच मंचों से भव्य गंगा आरती का शुभारंभ हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शंखनाद और डमरू की धुन पर श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर दिखे।
कुंडा : प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर स्थित ऐतिहासिक शाहबाद किला घाट पर मां गंगा आरती सेवा समिति के तत्वावधान में अनवरत चलने वाली गंगा आरती का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। वाराणसी और प्रयागराज की तर्ज पर शुरू हुई इस दिव्य आरती से पूरा क्षेत्र शंखनाद, घंटा-घड़ियाल और डमरू की गूंज से भक्तिमय माहौल में डूब गया।
घाट पर निर्मित पांच विशेष मंचों पर पांच आचार्यों ने वैदिक परंपरा और पूरे विधि-विधान के साथ आरती उतारी। गंगा आरती का यह विहंगम और अलौकिक दृश्य देखकर तट पर मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। आरती के दौरान भगवान शिव और मां गंगा के स्वरूप में सजे कलाकारों ने "मानो तो मैं गंगा मां हूं..." की सुमधुर धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
मां गंगा आरती सेवा समिति के संस्थापक आचार्य अनिल मिश्रा, अध्यक्ष सुनील कुमार सोनकर और प्रबंधक धीरेंद्र साहू ने मां गंगा का पूजन कर इस पावन आरती को अनवरत चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मानिकपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल 'डिंपू भैया', थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज राय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बीएन सिंह और ज्वाला देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव सहित तीर्थ पुरोहित संघ के पदाधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)