कुंडा में सोते समय ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर महिला की दर्दनाक मौत
प्रतापगढ़ के कुंडा में मानिकपुर क्षेत्र के चकोलिया गांव में शनिवार रात कच्चा मकान गिरने से शकुंतला देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई। परिवार पर आर्थिक संकट गहराया।
कुंडा (प्रतापगढ़)। मानिकपुर थाना क्षेत्र के लाटतारा वार्ड अंतर्गत चकोलिया गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 10 बजे जब पूरा गांव नींद के आगोश में था, तभी शकुंतला देवी (48) पत्नी श्रीराम सरोज का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
तेज आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। मकान के मलबे के नीचे महिला के दबे होने की आशंका पर ग्रामीणों ने बिना किसी देरी के राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद मलबे को हटाया और शकुंतला देवी को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अत्यधिक चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची मानिकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी पंकज राय के अनुसार, विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:
ग्रामीणों ने बताया कि शकुंतला देवी की आर्थिक हालत बेहद खराब थी। वह मेहनत-मजदूरी करके जैसे-तैसे अपने घर का गुजर-बसर करती थीं। उनके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और वर्तमान में ननिहाल में रह रहे हैं। शादीशुदा बेटी के बाद उनका 15 वर्षीय छोटा बेटा आकाश चंडीगढ़ में रहकर काम करता है। घर की पूरी कमान शकुंतला देवी के कंधों पर ही थी। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से असहाय परिवार को तत्काल मुआवजा व आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)