कुंडा के मानिकपुर में सांप के डसने से मासूम की मौत, 5 माह में पिता के बाद बेटे को छीना काल ने
मानिकपुर के मुन्ना का पुरवा में सांप के काटने से 6 वर्षीय अभिनव की मौत। 5 महीने पहले सड़क हादसे में पिता को खो चुकी मां पर टूटा दुखों का पहाड़।
मानिकपुर (प्रतापगढ़)। नगर पंचायत मानिकपुर के चौकापारपुर स्थित मुन्ना का पुरवा में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर के अंदर जहरीले सांप के डसने से छह वर्षीय मासूम अभिनव कुमार मौर्य की मौत हो गई। जिस असहाय परिवार ने महज पांच महीने पहले सड़क हादसे में अपने मुखिया को खोया था, उसी घर पर काल ने दोबारा झपट्टा मारकर मासूम बेटे को भी छीन लिया। इस भीषण त्रासदी से पूरे गांव में मातम और शोक का सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गुड्डू मौर्य का छह वर्षीय बेटा अभिनव घर के भीतर मौजूद था, तभी अचानक किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजन बुरी तरह घबरा गए और उसे बचाने की हरसंभव कोशिश में जुट गए, लेकिन विष इतना घातक था कि मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। अभिनव पैराडाइज पब्लिक स्कूल में यूकेजी का छात्र था। वह अपने दो छोटे भाइयों, अनुज और अंश में सबसे बड़ा था और पढ़ाई में बेहद होनहार था।
मां पूनम मौर्य पर टूटा दुखों का पहाड़:
इस घटना ने मासूम की मां पूनम मौर्य को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। करीब पांच माह पूर्व ही एक सड़क दुर्घटना में उनके पति गुड्डू मौर्य की असमय मौत हो गई थी। पति के जाने के बाद पूनम मजदूरी व जैसे-तैसे मेहनत कर अपने तीनों छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। अभी परिवार पिता के जाने का गम भूल भी नहीं पाया था कि बड़े बेटे की मौत ने मां का सहारा छीन लिया। बदहवास मां बार-बार बेटे के शव से लिपटकर बेसुध हो जा रही है, जिसे देख सांत्वना देने पहुंचे ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)