बेकनगंज में जुलूस-ए-गौसिया का भव्य इस्तकबाल, गरीब नवाज ज्वेलर्स ने अकीदतमंदों में बांटा तबरूक
कानपुर के बेकनगंज में गौस पाक की याद में निकले जुलूस-ए-गौसिया का गरीब नवाज ज्वेलर्स ने परंपरा अनुसार स्वागत किया। बिरयानी, जूस और ठंडा पानी बांटा गया, पार्षद व पुलिस प्रशासन का भी सम्मान हुआ।
कानपुर : विश्व प्रसिद्ध महान सूफी संत हजरत शेख अब्दुल कादिर जिलानी, जिन्हें अकीदतमंद प्यार से गौस पाक कहकर पुकारते हैं, की याद में निकाला गया जुलूस-ए-गौसिया शहर के अलग-अलग मोहल्लों से गुजरता हुआ आज बेकनगंज स्थित शफी होटल के पास पहुंचा। यहां जुलूस का पूरे अदब और गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया गया। जुलूस के पहुंचते ही माहौल अकीदत और भाईचारे के रंग में रंग गया।
हर साल की तरह इस बार भी जुलूस के स्वागत की जिम्मेदारी गरीब नवाज ज्वेलर्स ने निभाई। पत्रकारों से बातचीत में संस्थान के प्रोपराइटर जमीर ने बताया कि यह सिलसिला उनके वालिद मरहूम बब्बू खान के दौर से चला आ रहा है। वे खुद हर साल जुलूस का इस्तकबाल किया करते थे। उनके इंतकाल के बाद अब परिवार के लोग इस रिवायत को उसी जज्बे और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। जमीर ने कहा कि बुजुर्गों की इस विरासत को जिंदा रखना उनके लिए सवाब और सुकून की बात है।
इस मौके पर जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए खास इंतजाम किए गए थे। लोगों में बिरयानी, जूस, ठंडा पानी और कोल्ड ड्रिंक आदि का वितरण किया गया। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर तबरूक हासिल किया और आयोजकों के इस नेक काम की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद नौशाद का गरीब नवाज ज्वेलर्स की ओर से स्वागत किया गया। इसके अलावा हयात जफर हाशमी और क्षेत्र के पुलिस प्रशासन के अधिकारियों व कर्मियों को भी फूल भेंट कर और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग के लिए प्रशासन का आभार जताया।
इस अवसर पर राजा, जमीर, मुशीर, यासिर, जुऐब, उमर, उमैर, जुहान, फुजैल सहित समस्त मित्रगण मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान लोगों ने गौस पाक की तालीमात, यानी मोहब्बत, सेवा और इंसानियत के पैगाम को याद किया और अमन-चैन की दुआएं मांगीं।
(संजय शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)