Kaushambi : नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग का हंटर, कड़ा धाम जा रही पिकअप सीज
कड़ा धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पर गिरी गाज
(आदर्श भारती)
कौशाम्बी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कौशाम्बी जिला प्रशासन बेहद सख्त रुख अपना रहा है। जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने जनपद में अनधिकृत संचालन और माल वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वालों के खिलाफ एक बड़ा और सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया है। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है।
कड़ा धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पर गिरी गाज
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO प्रशासन/प्रवर्तन) तारकेश्वर मल्ल के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने थाना कड़ा धाम क्षेत्र में विशेष नाकेबंदी की थी। इसी दौरान टीम ने श्रद्धालुओं से खचाखच भरी एक पिकअप गाड़ी को रोका। पूछताछ में सामने आया कि माल ढोने वाले इस वाहन का इस्तेमाल नियमों को ताक पर रखकर यात्रियों को कड़ा धाम ले जाने के लिए किया जा रहा था। एआरटीओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिकअप को सीज कर दिया और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस (DL) सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी एक्शन
इस विशेष अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने सिर्फ ओवरलोडिंग ही नहीं, बल्कि सड़क पर काल बनकर दौड़ने वाले नशेड़ी चालकों पर भी शिकंजा कसा। चेकिंग के दौरान मद्यपान कर वाहन चलाने (Drunken Driving) के मामले में 02 चालकों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ मौके पर ही चालान की सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा, बिना वैध कागजात और अनधिकृत रूप से सड़कों पर दौड़ रहे 05 अन्य वाहनों का चालान काटा गया और 03 गाड़ियों को बंद (सीज) कर दिया गया।
सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं: ARTO तारकेश्वर मल्ल
एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि माल वाहनों में इंसानों को भेड़-बकरियों की तरह लादना न केवल मोटर वाहन अधिनियम, 1988 का खुला उल्लंघन है, बल्कि यह सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)