मिक्सी की चपेट में आई पत्नी को बचाने दौड़े जांबाज सिपाही, करंट लगने से पैरोकार की दर्दनाक मौत
पत्नी को तो बचा लिया, खुद हार गए जिंदगी की जंग
( आदर्श भारती )
कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कँपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। पश्चिम शरीरा थाने में पैरोकार के पद पर तैनात सिपाही दीपेंद्र (मूल निवासी, जनपद महोबा) की रविवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद से पुलिस महकमे और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
रसोई घर में काल बनकर उतरा करंट
मिली जानकारी के अनुसार, सिपाही दीपेंद्र अपनी पत्नी के साथ पश्चिम शरीरा फायर ब्रिगेड परिसर में बने सरकारी आवास में रहते थे। रविवार सुबह करीब 11:00 बजे उनकी पत्नी किचन में मिक्सर ग्राइंडर से मसाला पीस रही थीं। इसी दौरान अचानक मिक्सी के भीतर हाई वोल्टेज करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आकर तड़पने लगीं।
पत्नी को तो बचा लिया, खुद हार गए जिंदगी की जंग
सामने पत्नी को मौत के मुंह में फंसा देख दीपेंद्र बिना एक पल गंवाए उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने जैसे ही पत्नी को खींचकर अलग करने का प्रयास किया, करंट का दूसरा भयानक झटका दीपेंद्र को लगा और वह भी बिजली के तारों से चिपक गए। चीख-पुवार सुनकर जब तक आसपास के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बिजली से अलग किया, तब तक दीपेंद्र बुरी तरह झुलस चुके थे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सहकर्मी आनन-फानन में दोनों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल मंझनपुर लेकर भागे। वहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दीपेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर हालत में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। हादसे की सूचना पाते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अमिता सिंह जिला अस्पताल पहुंचीं और घटनाक्रम का जायजा लिया। एक जांबाज साथी को इस तरह खोने से कौशाम्बी पुलिस की आंखें नम हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)