छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के कांग्रेसी: कौशाम्बी में धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से तीखी झड़प

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कौशाम्बी में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों से पुलिस ने छीना पुतला।

Jul 23, 2026 - 21:40
0 2
छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के कांग्रेसी: कौशाम्बी में धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से तीखी झड़प

कौशाम्बी (चरवा): दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के खिलाफ कौशाम्बी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। चरवा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुतला दहन रोकने पहुंची पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। काफी गहमागहमी के बाद पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला छीन लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य कहे जाने वाले छात्रों के हक की आवाज को लाठियों और आंसू गैस के गोलों से दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

गौरव पाण्डेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को 'लीक मंत्री' करार देते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की और कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं व छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी।

इस विरोध प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष कौशलेश द्विवेदी, उदय यादव, जिला महासचिव सुरेन्द्र शुक्ला, जिला सचिव हेमन्त रावत, रमेश यादव, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय, नगर अध्यक्ष मंझनपुर संगीता कोरी, ब्लाक अध्यक्ष नेवादा रावेंद्र यादव, मूरतगंज ब्लाक अध्यक्ष राजबहादुर पासी, व्यापार मंडल अध्यक्ष कैलाश केसरवानी सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User